जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी
दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के कादल गांव स्थित कादल चौराहे के समीप गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में स्कार्पियो सवार एक महिला भी घायल हुई है। तीनों घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, दुद्धी-रेनुकूट मार्ग पर कादल चौराहे से करीब 100 मीटर पहले पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने सामने चल रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कार्पियो सड़क से नीचे गड्ढे में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में बाइक सवार शिवनारायण (65) पुत्र स्व. रामधनी तथा उनके छोटे भाई विद्या (55) निवासी कादल घायल हो गए। वहीं स्कार्पियो में चालक समेत चार लोग सवार थे, जिनमें सुरसती (58) पत्नी राजाराम, निवासी शक्तिनगर, भी घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भाई किसी कार्य से बाइक से दुद्धी जा रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने पर 112 पुलिस और ग्रामीणों ने पुलिस वाहन व निजी साधनों से घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी में डॉ. विनोद सिंह की देखरेख में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों के सिर एवं शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं, जबकि महिला को अंदरूनी चोट होने की भी आशंका है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च केंद्र रेफर किया जा सकता है।
पुलिस के मुताबिक, स्कार्पियो में सवार लोग शक्तिनगर से देवघर (झारखंड) जा रहे थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण, वाहन की गति और चालक की संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है।

