अनपरा, सोनभद्र। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत अनपरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट के मामले में पिछले दो महीने से फरार चल रहे शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी के पर्यवेक्षण में थाना अनपरा पुलिस लगातार वांछित अपराधियों की धरपकड़ में जुटी हुई थी। इसी अभियान के तहत थाना पिपरी में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 89/2026 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे रोहित मल्लाह (24 वर्ष), पुत्र स्व. राम जियावन, निवासी खड़िया बाजार, शक्तिनगर को गुरुवार शाम करीब चार बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी गैंगस्टर एक्ट में नामजद होने के बाद करीब दो माह से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना और पुलिस की सतर्क निगरानी के चलते अनपरा पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अशोक सिंह तथा कांस्टेबल शशिभूषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अनपरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। कानून से बचने की कोशिश करने वाले वांछित और फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी, ताकि जनपद में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत बनी रहे।

