पुरानी रंजिश में बुजुर्ग पर लोहे की रॉड से हमला, कान कटा; आरोपी गिरफ्तार

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी

दुद्धी (सोनभद्र)। पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार को जाबर गांव के पास एक 72 वर्षीय बुजुर्ग पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। हमले में बुजुर्ग का कान कट गया, जबकि कमर में भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, जाबर गांव निवासी मानजीत (72) पुत्र देवी शरण कोर्ट जाने के लिए राहुल की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान शाहपुर निवासी अजीत कुमार उर्फ भटवा पुत्र नंदू बनिया वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि अजीत कुमार ने पास स्थित पवन केशरी की दुकान से लोहे की रॉड उठाकर मानजीत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पीड़ित का कान कट गया तथा कमर पर भी गंभीर चोटें आईं। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लात-घूंसों से मारपीट कर मौके से फरार हो गया।
घायल बुजुर्ग ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

ये भी पढ़िए