शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान, सोनभद्र का बढ़ाया गौरव
(जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी)दुद्धी/सोनभद्र। विकासखंड दुद्धी के ग्राम महुली निवासी डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए आइकोनिक ह्यूमन राइट्स एंड एजुकेशनल ऑर्गेनाइजेशन (IHREO) की ओर से “डॉक्टरेट इन एजुकेशन” (मानद पीएचडी) की उपाधि से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से महुली, दुद्धी सहित पूरे सोनभद्र जनपद का गौरव बढ़ा है।
संस्था की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे कार्य, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शैक्षिक नवाचार, सामाजिक जागरूकता और शिक्षा के प्रसार में योगदान को देखते हुए डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया को मानद पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।
संस्था द्वारा जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार मूल्यांकन समिति की संस्तुति एवं निर्धारित मानकों के परीक्षण के उपरांत उन्हें “डॉक्टरेट इन एजुकेशन” की मानद उपाधि प्रदान की गई। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनकी सेवाओं और समाज के प्रति समर्पण को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया शिक्षा के साथ-साथ पत्रकारिता एवं सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े रहे हैं। उनका मानना है कि शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से वे विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहे हैं।
उनकी उपलब्धि की जानकारी मिलते ही महुली, दुद्धी और सोनभद्र में हर्ष का माहौल रहा। शिक्षकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए इस सम्मान को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
सम्मान मिलने पर डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया ने कहा कि यह उपाधि उनके लिए सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके विद्यार्थियों, सहयोगियों और समाज के विश्वास एवं स्नेह का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शिक्षा, समाजसेवा और जनजागरण के क्षेत्र में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देते रहेंगे।

