तियरा स्टेडियम को संवारेगा यूपीआरएनएसएस, जल्द शुरू होगा कायाकल्प

6.73 करोड़ रुपये से होगा जीर्णोद्धार व आधुनिकीकरण, शासन ने जिला प्रशासन के प्रस्ताव को दी मंजूरी

सोनभद्र। जनपद की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण के लिए 6.73 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। शासन ने स्टेडियम में विकास कार्य कराने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) को सौंपी है। स्वीकृति के बाद अब जल्द ही स्टेडियम के कायाकल्प का कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन से स्वीकृति मिलने के साथ ही विकास कार्य कराने के लिए यूपीआरएनएसएस को नामित किया गया है।
उन्होंने कहा कि तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार से स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और प्रशासन के प्रयासों से स्टेडियम के कायाकल्प का रास्ता साफ हुआ है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
इन कार्यों से बदलेगी स्टेडियम की तस्वीर
तियरा स्टेडियम में जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे। पवेलियन भवन का जीर्णोद्धार और क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत के साथ वॉलीबाल कोर्ट की फेंसिंग दुरुस्त कर सिंथेटिक फ्लोरिंग कराई जाएगी। स्टेडियम की बाउंड्रीवॉल पर कंटीले तारों की फेंसिंग लगाने के साथ दर्शक दीर्घा का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
इसके अलावा छात्रावास एवं दर्शक दीर्घा का रंग-रोगन, बास्केटबॉल और टेबल टेनिस कोर्ट का निर्माण, जल निकासी के लिए नाली निर्माण तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग की सुविधा विकसित की जाएगी। खिलाड़ियों के लिए आवश्यक फर्नीचर की भी खरीद की जाएगी।
डीएम ने किया निरीक्षण, निर्माण एजेंसी को दिए निर्देश
बुधवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने तियरा स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यूपीआरएनएसएस के प्रतिनिधि को निर्माण कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने छात्रावास भवन में सभी खिड़कियां एक समान लगाने, कमरों एवं आवश्यक स्थानों पर टाइल्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खिलाड़ियों की सुविधा को देखते हुए बास्केटबॉल एवं टेबल टेनिस कोर्ट को आधुनिक स्वरूप देने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने को कहा।
उन्होंने स्टेडियम परिसर में उच्च गुणवत्ता से पेंटिंग कराने के साथ सीसी सड़क का निर्माण कराने के भी निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों की सुविधा और खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से कराए जा रहे कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए