हर घर तिरंगा अभियान को लेकर डीएम ने की बैठक, तिरंगा यात्रा से लेकर बाइक रैली और तिरंगा मेले तक होंगे आयोजन
सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ व्यापक जनसहभागिता के साथ मनाया जाएगा। अभियान को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना और स्वतंत्रता दिवस को जन-जन का उत्सव बनाना है। अभियान के तहत आवासीय भवनों, सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शहीद स्मारकों तथा अमृत सरोवरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर एचजीटी सेल्फी बूथ भी स्थापित किए जाएंगे। नागरिकों को घरों पर तिरंगा लगाने और तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा और बाइक रैली से बनेगा माहौल
अभियान के दौरान जनपद में तिरंगा यात्रा, तिरंगा बाइक रैली, तिरंगा मेला, तिरंगा प्रदर्शनी एवं तिरंगा संगीत कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्थानीय एवं प्रसिद्ध कलाकार देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। तिरंगा मेले में राष्ट्रीय ध्वज, खादी और स्थानीय उत्पादों समेत देशभक्ति से जुड़ी सामग्री का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।
राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता के लिए स्वयं सहायता समूहों, पीडीएस दुकानों, खादी भंडारों एवं स्थानीय वस्त्र विक्रेताओं के माध्यम से व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
स्कूलों में प्रभात फेरी, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की प्रभात फेरी एवं तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इससे पूर्व सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन होगा। विद्यालयों में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खो-खो, कबड्डी एवं रस्साकशी सहित विभिन्न स्थानीय खेल प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों को मिष्ठान एवं फल वितरित किए जाएंगे।
आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रम, निराश्रित एवं दिव्यांग आश्रम तथा बाल सुधार गृहों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित कर मिष्ठान वितरण किया जाएगा।
गांव-गांव पहुंचेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश
ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत अधिकारी पंचायत सचिवालयों तथा अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण करेंगे। जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से गोष्ठी, व्याख्यानमाला एवं राष्ट्रभक्ति आधारित कार्यक्रम होंगे। सरकारी-गैर सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों एवं औद्योगिक संस्थानों के कर्मचारियों से भी अपने घरों पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया गया है।
15 अगस्त के जिला स्तरीय कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, युद्ध में शहीद सैनिकों के परिजनों एवं पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों एवं शहीद स्मारकों पर विशेष कार्यक्रम होंगे। शहीद स्थलों पर पुलिस, पीएसी एवं होमगार्ड बैंड देशभक्ति की धुनें बजाएंगे।
गृह विभाग, पुलिस, अर्धसैनिक बल, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, युवक एवं महिला मंगल दल, खेल विभाग तथा स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से तिरंगा बाइक रैली और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्कूली बच्चों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चन्द्र, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, पर्यटन अधिकारी राजेश भारती सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

