ओबरा (सोनभद्र)। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म कर घटना का वीडियो बनाए जाने के सनसनीखेज मामले में ओबरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल एक 17 वर्षीय बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, नकदी और एक गेट पास बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई कार्रवाई के संबंध में पुलिस ने बताया कि थाना ओबरा में दर्ज मु0अ0सं0 171/2026 के तहत धारा 70(2), 127(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) एवं 5G/6 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। सूचना मिलते ही पीड़िता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-09 चौराहे के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी राहुल यादव (26 वर्ष) निवासी ग्राम खैरटिया, थाना ओबरा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मामले में शामिल करीब 17 वर्षीय बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से OnePlus Nord 2 (5G) और OPPO A3Y मोबाइल फोन, 2,200 रुपये नकद तथा एक गेट पास बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय, उपनिरीक्षक जयशंकर सिंह, कांस्टेबल प्रवीण कुमार राय, धर्मेन्द्र राजभर, राहुल श्रीवास तथा अवनीश कुमार पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

