‘हर घर हर घाट तिरंगा’ अभियान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लेकर भव्य तिरंगा यात्रा तक दिखा देशभक्ति का जोश
सोनभद्र। ‘हर घर हर घाट तिरंगा’ अभियान-2026 के तहत सोनभद्र में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश बुलंद हुआ। जिला गंगा समिति के तत्वावधान में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में विद्यार्थियों से लेकर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, राष्ट्रगीत और तिरंगा यात्रा के जरिए लोगों को देशभक्ति के साथ जल, नदी और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
राजकीय पॉलिटेक्निक, रॉबर्ट्सगंज में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने समूह गायन, एकल गायन, एकल नृत्य और समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। इसके बाद राष्ट्रगीत गायन और ‘हर घर हर घाट तिरंगा’ की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र गौतम ने विद्यार्थियों से अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा अपने आसपास स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
इस मौके पर प्रधानाचार्य प्रमोद, श्याम नारायण कुशवाहा, श्वेता, प्रदीप पटेल, अरुण कुशवाहा, प्रियतेश जैन, वैभव यादव सहित अध्यापक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। समाजसेवी कविता यादव, पर्यावरण समिति के प्रमोद और गंगा वॉलेंटियर अभिषेक यादव ने भी सहभागिता की।
तिरंगे के साथ निकली भव्य यात्रा
इसी क्रम में राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज से दैनिक जागरण, सोनभद्र एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रधानाचार्य डॉ. बृजेश के नेतृत्व में निकली यात्रा मुख्य बाजार, शीतला मंदिर चौराहा होते हुए रामलीला मैदान पहुंची और वहां से वापस विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक सुनील, जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र गौतम, ब्लॉक प्रमुख रॉबर्ट्सगंज, सीओ सिटी, दैनिक जागरण ब्यूरो चीफ एवं उनकी टीम समेत अन्य गणमान्यजन शामिल रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों ने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। जिला गंगा समिति ने कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आमजन को संदेश दिया कि राष्ट्रध्वज का सम्मान केवल पर्व तक सीमित न रहे, बल्कि देश, नदियों, जलस्रोतों और पर्यावरण की रक्षा भी हर नागरिक की जिम्मेदारी बने।

