सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले पुलिस लाइन चुर्क में शुक्रवार परेड के दौरान पुलिस की तैयारियों और व्यवस्थाओं को परखा गया। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने शुक्रवार परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट एवं अनुशासन का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए दौड़ और टोलीवार ड्रिल कराई गई। इसके बाद एएसपी ऑपरेशन ने यूपी-112 समेत विभिन्न थानों से आए पुलिस वाहनों की सघन चेकिंग की। वाहनों की साफ-सफाई, तकनीकी स्थिति तथा दंगा नियंत्रण उपकरण, वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार किट और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता परखी गई।

निरीक्षण के दौरान क्वार्टर गार्द, परिवहन शाखा, स्टोर, पुलिस रेडियो केन्द्र, साइबर केन्द्र, बैरक और पुलिस लाइन परिसर का भी जायजा लिया गया। अभिलेखों के रख-रखाव, उपकरणों की उपलब्धता और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
एएसपी ने मेस में तैयार भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता भी देखी और पुलिसकर्मियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों के शस्त्रों और बीट बुक का निरीक्षण कर रख-रखाव एवं अभिलेखों की अद्यतन स्थिति परखी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संसाधन और उपकरण सदैव कार्यशील एवं उपयोग योग्य स्थिति में रखे जाएं।

