करमा, सोनभद्र। करमा बाजार स्थित फ्यूचर क्लासेज कोचिंग सेंटर में शुक्रवार को सम्मान समारोह एवं वार्षिकोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व पर वक्ताओं ने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में खूब रंग जमाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे समाज के विकास का आधार है। अभिभावकों से बेटा-बेटी में भेदभाव किए बिना दोनों को समान अवसर देने की अपील करते हुए उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. लोकपति सिंह पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने का प्रयास सराहनीय है। शिक्षा के बिना विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की।
इस दौरान बीएन यादव, ब्रह्मानंद त्रिपाठी समेत अन्य वक्ताओं ने भी शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर अपने विचार रखे। छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय गीत, भक्ति गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह में जिले में आठवां स्थान हासिल करने वाली छात्रा प्रतिभा सिंह को सम्मानित कर उसका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान प्रभु पाल सिंह, रणजीत मौर्य, बाबा बिहारी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनरुद्ध प्रसाद, मैनेजिंग डायरेक्टर अखिलेश यादव, चंद्रभूषण यादव, सुभाष यादव, भरत सिंह मौर्य, रानी सिंह, विलियम प्रेमपाल, ज्ञान प्रकाश शर्मा, बृजमा शुक्ला, काजल जायसवाल समेत बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
अंत में फ्यूचर क्लासेज के निदेशक अजय कुमार यादव ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार जताया।

