100 लीटर डीजल, बोलेरो और तीन मोबाइल बरामद; एनसीएल वाहन से चोरी कर ले जा रहे थे आरोपी
सोनभद्र। शक्तिनगर थाना पुलिस ने एनसीएल बीना क्षेत्र में डीजल चोरी के मामले का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चार जरीकेन में भरा करीब 100 लीटर डीजल, एक बोलेरो वाहन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को दर्ज डीजल चोरी के मुकदमे की विवेचना के दौरान एनसीएल बीना के अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में रोशन भारती, दिलीप भारती और सागर गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने एनसीएल के वाहन से डीजल चोरी कर बोलेरो के जरिए ले जाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने साउथ झंडी पॉइंट के नीचे ड्रग लाइन बीना क्षेत्र से डीजल बरामद किया। बरामद बोलेरो UP64 CT 1655 को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार राय, बीना चौकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव और कांस्टेबल सत्यम सरोज शामिल रहे।

