विजयगढ़ दुर्ग के रामसरोवर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं सुदृढ़

कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता—जिलाधिकारी

सोनभद्र। कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने विजयगढ़ दुर्ग स्थित रामसरोवर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाएं सुदृढ़ कर दी हैं। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देशन में श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर कराई जा रही हैं।
रामसरोवर परिसर के आसपास साफ-सफाई, चेंजिंग रूम और विद्युतीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी की देखरेख में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया है। वहीं अपर मुख्य जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा दुर्ग के पीछे जाने वाले मार्ग पर भी विद्युतीकरण कराया गया है, जिससे रात के समय श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को आवागमन में पर्याप्त प्रकाश मिल सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विजयगढ़ दुर्ग के रामसरोवर से जल लेकर शिवद्वार धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई समेत सभी मूलभूत सुविधाओं को समय से दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थलों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाना है।

ये भी पढ़िए