मिशन शक्ति 5.0: सोनभद्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस का बड़ा अभियान, साइबर ठगी से बचाव के भी बताए तरीके

सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण में अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों ने स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, बाजार और गांवों में पहुंचकर लोगों को जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय और महिला उत्पीड़न के खिलाफ कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। वहीं बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव, लैंगिक शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ हिंसा जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर भी लोगों को जागरूक किया गया।

साइबर ठगी पर पुलिस ने किया अलर्ट

कार्यक्रमों में साइबर अपराध को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने लोगों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील की। लोगों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या पासवर्ड साझा न करें।
पुलिस टीमों ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर समय गंवाए बिना 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की जा सके।
महिलाओं को बताया—मुश्किल में चुप न रहें
मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि किसी भी तरह के उत्पीड़न या खतरे की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस की मदद लें। जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन: 112 – आपातकालीन सेवा | 1090/1091 – महिला सुरक्षा | 181 – महिला हेल्पलाइन | 1930 – साइबर अपराध | 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सोनभद्र पुलिस का यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ आमजन को साइबर अपराध के प्रति सजग बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

ये भी पढ़िए