सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और तैयारियों का जायजा लिया। परेड के दौरान पुलिस कर्मियों से टोलीवार ड्रिल और दौड़ कराकर शारीरिक दक्षता, एकरूपता एवं टीम भावना को परखा गया।
एसपी ने पुलिस कर्मियों को फिटनेस के साथ अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में जनसेवा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 समेत विभिन्न थानों से आए पुलिस वाहनों की सघन चेकिंग की। वाहनों की तकनीकी स्थिति, साफ-सफाई, फिटनेस और रख-रखाव के साथ दंगा नियंत्रण उपकरण, वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र समेत अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता और कार्यशीलता जांची गई। संबंधित पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने परिवहन शाखा, क्वार्टर गार्द, स्टोर, मेस, गैस गोदाम, बैरक और पुलिस लाइन परिसर का भी निरीक्षण किया। अभिलेखों, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कमियों को तत्काल दूर करने तथा पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए पुलिस बल का शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से सजग और संसाधनों से लैस रहना बेहद जरूरी है। निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने और पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

