झाड़फूंक के चक्कर में बिगड़ी सर्पदंश पीड़िता की हालत, सीएचसी दुद्धी में भर्ती

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। कोन थाना क्षेत्र के गिद्धिया गांव में शुक्रवार सुबह बकरियों को बांधने गई 50 वर्षीय महिला को अज्ञात जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय घंटों झाड़फूंक कराते रहे, जिससे महिला की हालत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया है।
गिद्धिया गांव निवासी रीहाना (50) पत्नी सरलत शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर बकरियों को बांध रही थीं। इसी दौरान उनके दाहिने पैर में अज्ञात सर्प ने डस लिया। सर्पदंश के बाद परिजनों ने महिला को अस्पताल ले जाने के बजाय गांव में ही झाड़फूंक शुरू करा दी।
कई घंटे तक झाड़फूंक के बावजूद महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। स्थिति गंभीर होने पर परिजन निजी साधन से शाम करीब साढ़े चार बजे महिला को सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने महिला की हालत नाजुक बताई है। फिलहाल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है और चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


समय पर अस्पताल पहुंचाना जरूरी


सर्पदंश की स्थिति में झाड़फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय उपचार कराने की जरूरत होती है। देरी होने पर विष का प्रभाव बढ़ सकता है और स्थिति गंभीर हो सकती है।

ये भी पढ़िए