किड़हिरा में बंद कुएं में जहरीली गैस से तीन की मौत, एक की हालत गंभीर

(मदन मोहन)चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा लंबे समय से बंद पड़े कुएं में समरसेबल पंप निकालने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से हुआ। कुएं में उतरने के बाद चारों लोग अचानक बेहोश हो गए।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए चारों को कुएं से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसका गहन चिकित्सा कक्ष में उपचार जारी है।


बताया जा रहा है कि लंबे समय से कुआं बंद होने के कारण उसमें जहरीली गैस बनने के साथ ऑक्सीजन की कमी हो गई थी। इसी दौरान समरसेबल पंप निकालने के लिए कुएं में उतरना जानलेवा साबित हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। प्रशासन ने शासन स्तर से हरसंभव सहायता और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़िए