सोनभद्र। जिले के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन कर फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
थाना अनपरा में क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय तथा थाना शाहगंज में क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय ने समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए फरियादियों की शिकायतें सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
भूमि विवादों के निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक मामले का पारदर्शी एवं न्यायोचित समाधान सुनिश्चित हो।
समाधान दिवस में पुलिस विभाग के 08 पूर्व लंबित प्रार्थना पत्र और राजस्व विभाग के 254 लंबित प्रार्थना पत्र दर्ज रहे। वहीं शनिवार को पुलिस विभाग के 08 तथा राजस्व विभाग के 56 नए प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। पुलिस विभाग के 08 में से 06 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

