अज्ञात कारणों से अधेड़ की संदिग्ध मौत, शौचालय जाने के बाद बिगड़ी थी तबियत

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी

दुद्धी (सोनभद्र)विंढमगंज थाना क्षेत्र के धूमाटोला छतवां गांव में शुक्रवार रात एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शौचालय से लौटने के बाद अचानक हालत बिगड़ने से परिजनों में हड़कंप मच गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, धूमाटोला छतवां निवासी रामकुमार (55) पुत्र शिवप्रसाद शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे खाना खाने के बाद घर के शौचालय में गए थे। वहां से वापस आने पर वे अचानक ‘जान बचाओ, जान बचाओ’ चिल्लाने लगे। देखते ही देखते उनके मुंह से झाग निकलने लगा और वे अचेत होकर गिर पड़े।
परिजनों ने आनन फानन में रात करीब डेढ़ बजे निजी साधन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता शिवप्रसाद ने बताया कि रामकुमार मजदूरी और खेती किसानी करके अपने परिवार का गुजर बसर करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और तीन बेटियां हैं। एक बड़े बेटे का विवाह हो चुका है, जबकि चार बच्चे अभी अविवाहित हैं।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शौचालय से लौटने के तुरंत बाद हालत बिगड़ने के कारण परिजनों ने आशंका जताई है कि शौचालय में किसी जहरीले जीव के काटने से यह हादसा हुआ होगा। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
अस्पताल के मेमो की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़िए