सोनभद्र। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान में थाना ओबरा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद करते हुए उसे बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ओबरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने 30 अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री को 26 अगस्त की शाम राहुल पुत्र रंजीत, निवासी सेक्टर-10, ओबरा, बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 181/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत कर बालिका की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 30 अगस्त को करीब 9:40 बजे ओबरा डैम स्टेशन के पीछे वाली रोड से आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बालिका को शादी करने की बात कहकर अपने साथ प्रयागराज ले गया था। वहां नैनी रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक लॉज में करीब तीन दिन तक रुका। पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी बालिका को वापस छोड़कर स्वयं वहां से जाने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल पुत्र रंजीत स्वीपर, निवासी सेक्टर-10, थाना ओबरा, जनपद सोनभद्र, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक ओबरा सदानन्द राय के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मो. जुनैद खान, कांस्टेबल अरुण कुमार यादव और महिला कांस्टेबल पूनम खरवार शामिल रहीं।

