एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध, विद्यालय अवधि में बच्चों पर पूर्ण नियंत्रण रखने के निर्देश
सोनभद्र, । प्राथमिक विद्यालय पुरनाकलां, विकास खण्ड घोरावल में बच्चों से ईंट ढुलवाने के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध कार्रवाई की है। मामले में प्रधानाध्यापिका श्रीमती माण्डवी कुमारी की एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध कर दी गई है।
बताया गया कि 27 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों से टूटी हुई चहारदीवारी के निर्माण कार्य के लिए ईंट ढुलवाए जाने का मामला सामने आया था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र ने प्रधानाध्यापिका को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था।
प्रधानाध्यापिका ने अपने स्पष्टीकरण में बताया कि विद्यालय की करीब 10 फीट चहारदीवारी अराजक तत्वों द्वारा तोड़ दी गई थी। उसकी मरम्मत के लिए दो मजदूर और एक राजगीर मिस्त्री लगाए गए थे। विद्यालय के अतिरिक्त कक्षा-कक्ष में रखी ईंटों को मजदूर बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे स्वयं ईंट ढोने लगे, जिन्हें देखकर प्रधानाध्यापिका ने तत्काल कक्षा-कक्ष में बुला लिया।
स्पष्टीकरण के परीक्षण के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने माना कि शिक्षण कार्य के दौरान बच्चों का कक्षा-कक्ष से बाहर रहना और उन पर प्रभावी नियंत्रण न होना कार्य एवं दायित्व के प्रति शिथिलता को दर्शाता है। इसी आधार पर प्रधानाध्यापिका की एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से रोकने की कार्रवाई की गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका को निर्देशित किया है कि विद्यालय अवधि में बच्चों पर पूर्ण नियंत्रण एवं निगरानी रखी जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न होने दी जाए। निर्देशों की अनदेखी अथवा ऐसी घटना दोबारा सामने आने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

