जामपानी में 25.28 करोड़ की लागत से बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय

शासन से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति, प्रथम किश्त के रूप में 8.85 करोड़ रुपये स्वीकृत


सोनभद्र। दुद्धी तहसील क्षेत्र के ग्राम जामपानी में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने विद्यालय निर्माण परियोजना के लिए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 25 करोड़ 28 लाख 08 हजार रुपये निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने बताया कि शासन द्वारा स्वीकृत लागत के सापेक्ष परियोजना की प्रथम किश्त के रूप में 35 प्रतिशत धनराशि, 8 करोड़ 84 लाख 82 हजार 800 रुपये अवमुक्त किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे विद्यालय के निर्माण कार्य को गति मिलने के साथ क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा।
विद्यालय का निर्माण शासन द्वारा नामित कार्यदायी संस्था कान्स्ट्रक्शन एण्ड डिजाइन सर्विसेज (उ.प्र. जल निगम) के माध्यम से कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण से दुद्धी क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक वातावरण, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। शासन से स्वीकृत धनराशि का नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

ये भी पढ़िए