सोनभद्र । में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के निपराज गांव में प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नई प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग को लेकर आक्रोश जताया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फिलहाल प्रशासन की मौजूदगी में गांव में स्थिति नियंत्रण में है।
निपराज गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग उठाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
वहीं, नई प्रतिमा लाने के लिए लोगों को वाराणसी भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद बसपा जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और प्रतिमा दोबारा स्थापित किए जाने की मांग रखी।
प्रशासन, ग्राम प्रधान, समिति के सदस्यों और गांव के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में नई प्रतिमा पुनः स्थापित किए जाने पर सहमति बनी। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

