न्यायालयी कार्यों में लापरवाही नहीं, एएसपी ऋषभ रुणवाल ने कसे पेंच

सोनभद्र,। पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल की अध्यक्षता में न्यायालय से संबंधित कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, न्यायालय पैरोकार, शाखा प्रभारी, मॉनिटरिंग सेल, जमानत सत्यापन सेल एवं रिट सेल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में ऑपरेशन कन्विक्शन, फर्द चालानी, केस डायरी, बेला/जमानत सत्यापन एवं रिमाण्ड से संबंधित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रचलित मामलों की जानकारी प्रस्तुत की।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ने न्यायालय से जुड़े मामलों में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी, फर्द चालानी एवं केस डायरी से संबंधित कार्यवाही के साथ ही जमानत सत्यापन और रिमाण्ड के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि न्यायालय से संबंधित सभी कार्यों में समयबद्धता, शुद्धता और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए तथा दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन हो। बैठक का उद्देश्य न्यायालयी मामलों की पैरवी को और अधिक प्रभावी बनाते हुए लंबित प्रकरणों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।

ये भी पढ़िए