घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद, बहुआर-बासौली मोड़ पुलिया से पुलिस ने दबोचा
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में नामजद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को रविवार को बहुआर-बासौली मोड़ पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार ग्राम बहुआर निवासी आभा देवी पत्नी त्रिलोकनाथ की तहरीर पर मु0अ0सं0-734/2026 के तहत धारा 109(1), 191(2), 115(2), 352 एवं 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।
31 अगस्त की घटना के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
तहरीर के मुताबिक 31 अगस्त की शाम करीब छह बजे आभा देवी के देवर जोगेन्द्र मिश्रा उर्फ लालू गांव की किराने की दुकान पर सामान लेने गए थे। आरोप है कि दुकान पर मौजूद नामजद लोगों ने एक राय होकर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। शोर सुनकर आभा देवी मौके पर पहुंचीं और देवर को बचाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उनका पीछा करते हुए घर तक पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया। रविवार को करीब ढाई बजे पुलिस टीम ने बहुआर-बासौली मोड़ पुलिया के पास से पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने अनिल कुमार पाठक (54), श्रीप्रकाश उर्फ शिवम पाठक (26), सुनील पाठक (40), निलेश उर्फ राजन पाठक (32) और पंकज त्रिपाठी उर्फ लिप्पू (40), सभी निवासी ग्राम बहुआर, थाना रॉबर्ट्सगंज, को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, हेड कांस्टेबल विनोद भारती, हेड कांस्टेबल विष्णु शंकर उपाध्याय, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल उत्तम पाण्डेय शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई के बाद मामले की विवेचना जारी है।

