चोपन (सोनभद्र),। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय के मार्गदर्शन में सोमवार को चोपन विकासखंड में ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा 2026-27 का आयोजन किया गया। परीक्षा में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों से चयनित 241 बच्चों में 188 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश कुमार मिश्र की देखरेख में परीक्षा निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई। मूल्यांकन के बाद ब्लॉक स्तर की मेरिट सूची जारी की गई। कक्षा 3 में सुषमा, शिवा व सूर्या, कक्षा 5 में क्षमा, दीपिका, सीमा व तीर्थराज, कक्षा 6 में काजल, कृष्णा व अनुप्रिया तथा कक्षा 8 में कृष्ण, सलोनी, प्रिंस व सूरज कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयन हासिल किया।

चयनित छात्र अब आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में चोपन ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे। समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ने सफल विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए और बेहतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

