सोनभद्र में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 95 वारंटी-वांछित गिरफ्तार

दो दिन के विशेष अभियान में 90 वारंटी और 5 वांछित दबोचे गए, न्यायालय में किया गया पेश


सोनभद्र। न्यायालय से जारी वारंटों पर प्रभावी कार्रवाई और फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर सोनभद्र पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में 6 और 7 सितंबर को जिलेभर में चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान में पुलिस ने 95 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अपराधियों में हड़कंप मचा दिया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 90 वारंटी और 5 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सभी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस की कार्रवाई में रॉबर्ट्सगंज से सर्वाधिक 16, चोपन से 10, करमा और अनपरा से 8-8, पिपरी से 7 तथा दुद्धी से 6 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा घोरावल, शाहगंज, कोन, ओबरा, विण्ढमगंज, बीजपुर, शक्तिनगर सहित जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन और विभिन्न मुकदमों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। सोनभद्र पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे वारंटियों और वांछित अभियुक्तों में खलबली मच गई है।

ये भी पढ़िए