सोनभद्र,। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण में जनजागरूकता अभियान को तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्हें महिला अधिकारों, आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच तथा महिला उत्पीड़न की स्थिति में उपलब्ध कानूनी सहायता और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। पुलिस ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया। लैंगिक समानता, लिंगानुपात, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति हिंसा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा कर लोगों से जागरूक एवं संवेदनशील समाज बनाने की अपील की गई।
साइबर ठगी से बचाव पर भी जोर
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए अभियान में साइबर सुरक्षा को भी प्रमुखता दी गई। पुलिस टीमों ने लोगों को फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से सावधान रहने की सलाह दी। लोगों को विशेष रूप से हिदायत दी गई कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी अथवा अन्य संवेदनशील विवरण साझा न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जागरूकता और सतर्कता ही महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव का मजबूत हथियार है। अभियान के माध्यम से पुलिस का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें सुरक्षित और आत्मनिर्भर वातावरण उपलब्ध कराना है। जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर करें संपर्क 112 – आपातकालीन सेवा | 1090/1091 – महिला सुरक्षा | 181 – महिला हेल्पलाइन | 1930 – साइबर अपराध | 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

