ग्राम रोजगार सेवकों ने सदर विधायक से मिलकर मांगों के निराकरण की उठाई आवाज

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर रविवार को संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने सदर विधायक भूपेश चौबे से मुलाकात कर ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित मांगों के निराकरण की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के समक्ष 4 अक्टूबर 2021 को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को लागू करने, ग्राम रोजगार सेवकों को कैशलेस इलाज की सुविधा से आच्छादित करने तथा न्यूनतम 24 हजार रुपये मानदेय निर्धारित कर भुगतान की प्रक्रिया पृथक बजट से किए जाने की मांग रखी। इसके अलावा मृतक आश्रितों के संबंध में जारी शासनादेश का अनुपालन सुनिश्चित करने, 20 वर्षों की सेवा को देखते हुए प्रशासनिक मद की व्यवस्था करने तथा राज्य सरकार के पृथक बजट से प्रतिमाह मानदेय भुगतान की व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान ग्राम रोजगार सेवकों को संबोधित करते हुए सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों की बहुप्रतीक्षित मांगों को पूरा कराने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की तर्ज पर ग्राम पंचायतों में संविदा पर कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों को सेवा, सुरक्षा और सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। विधायक ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से ग्राम रोजगार सेवकों के हित में जल्द ही बड़ी सौगात मिल सकती है।
संघ के प्रदेश सचिव प्रभात सिंह चंदेल ने विधायक से आग्रह किया कि ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाए। उन्होंने कहा कि विधायक के प्रयास से सोनभद्र ही नहीं, बल्कि प्रदेशभर के हजारों ग्राम रोजगार सेवकों को राहत मिल सकती है।
इस अवसर पर प्रधान संघ अध्यक्ष सुरेश शुक्ला, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश प्रसाद, जिला मीडिया प्रभारी दिवाकर तिवारी, श्याम मोहन पाण्डेय, नार सिंह पटेल, इंद्र भूषण मिश्र, शैलेश कुमार, सुरेश कुमार, प्रेम चंद्र गौतम समेत दर्जनों ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए