दहेज हत्या के तीन इनामी आरोपी गिरफ्तार, चार महीने से पुलिस को दे रहे थे चकमा

सास, ससुर और जेठ पर 25-25 हजार का इनाम था घोषित, सर्विलांस टीम की मदद से नौगढ़ पुलिस ने दबोचा


मदन मोहन नौगढ़, चंदौली। दहेज हत्या के मामले में पिछले करीब चार महीने से फरार चल रहे तीन आरोपियों को नौगढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका की सास, ससुर और जेठ शामिल हैं। तीनों पर पुलिस की ओर से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार सोनभद्र जिले के ग्राम पड़ी निवासी वकील यादव की बहन की शादी 18 मई 2022 को चंदौली के नौगढ़ थाना क्षेत्र के विशेषरपुर निवासी सुशील यादव के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब एक वर्ष बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। 19 मई 2026 की सुबह आरोपी सोनू कुमार ने मायके पक्ष को फोन कर सूचना दी कि विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप था कि मृतका के शरीर पर मारपीट के गंभीर चोटों के निशान पाए गए। इसके बाद मृतका के परिजनों की तहरीर पर थाना नौगढ़ में धारा 80(2), 85 बीएनएस तथा 3/4 दहेज निषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए और तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। सर्विलांस टीम को भी आरोपियों की तलाश में लगाया गया था।


7 सितंबर की सुबह मिली बड़ी सफलता


पुलिस के मुताबिक 7 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7:55 बजे थानाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में नौगढ़ पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीनों वांछित इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सियाराम यादव (62 वर्ष), निवासी विशेषरपुर, थाना नौगढ़, मृतका के ससुर; तीजा (57 वर्ष), मृतका की सास; तथा सोनू कुमार (33 वर्ष), मृतका का जेठ शामिल है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार, उपनिरीक्षक अभय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल परशुराम, हेड कांस्टेबल संतोष यादव (सीओ कार्यालय नौगढ़), कांस्टेबल विकास कुमार, कांस्टेबल शैलेष कुमार तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल गणेश तिवारी शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से दहेज हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी से मामले की जांच को भी आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़िए