क्रेडिट कार्ड वेरिफिकेशन के नाम पर ठगी, घोरावल पुलिस ने वापस कराए 47 हजार रुपये

घोरावल, सोनभद्र। क्रेडिट कार्ड वेरिफिकेशन के नाम पर ओटीपी पूछकर साइबर ठगों ने घोरावल क्षेत्र निवासी हर्ष गुप्ता के खाते से 47,153 रुपये उड़ा दिए। पीड़ित की शिकायत पर घोरावल पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 47 हजार रुपये की धनराशि वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार 5 सितंबर को हर्ष गुप्ता से क्रेडिट कार्ड सत्यापन के नाम पर ओटीपी हासिल कर साइबर ठगों ने उनके खाते से रकम निकाल ली। घटना की जानकारी होते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
घोरावल साइबर टीम ने NCRP पोर्टल पर शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया और समय रहते कार्रवाई कर 6 सितंबर को 47,000 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश राय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह के नेतृत्व में की गई। साइबर टीम में कांस्टेबल योगेश मिश्र और कांस्टेबल नितीश राज शामिल रहे।
पुलिस की अपील: साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को होल्ड कराकर वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।

ये भी पढ़िए