चंदौली में डीएम का संवेदनशील रूप, 9 माह की मासूम को गोद में लेकर जाना हाल

राजकीय बालगृह का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बच्चों की पढ़ाई के लिए तुरंत शिक्षक तैनात करने के निर्देश


चंदौली, । जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने सोमवार को बिछिया कला स्थित राजकीय बालगृह (शिशु) एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बालगृह की प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ वहां रह रहे अनाथ एवं बेसहारा बच्चों की देखभाल का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों की शिक्षा को लेकर गंभीरता दिखाई। उन्होंने मौके से ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को फोन कर बालगृह के बच्चों को पढ़ाने के लिए तत्काल एक पार्ट-टाइम शिक्षक नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए और उन्हें बेहतर शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए।
बालगृह में हाल ही में आई नौ माह की बेसहारा बच्ची को देखकर जिलाधिकारी ने उसे गोद में उठा लिया और दुलारते हुए उसके स्वास्थ्य एवं देखभाल की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने अन्य बच्चों से भी आत्मीयता से बातचीत की तथा उन्हें चिप्स और बिस्कुट वितरित किए। डीएम के इस संवेदनशील व्यवहार से बालगृह का माहौल भी आत्मीय नजर आया।
जिलाधिकारी ने बालगृह की पंजीयन पंजिका सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। इसके साथ ही बच्चों के खान-पान, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं रहने की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बच्चों की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित बाल संरक्षण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मदन मोहन, जनपद चंदौली

ये भी पढ़िए