नाली पर अवैध निर्माण को लेकर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

नगर पंचायत की गलियां अतिक्रमण से हो रहीं संकरी, आवागमन में बढ़ी परेशानी

दुद्धी, सोनभद्र। नगर पंचायत दुद्धी के वार्ड नंबर 1 एवं 8 में निर्माणाधीन आरसीसी सड़क एवं नाली का बुधवार को नवागत प्रभारी अधिशासी अधिकारी एवं सदर एसडीएम आकांक्षा गौतम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नालियों पर किए गए अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।
एसडीएम ने नालियों पर निर्माण कराने वाले भवन स्वामियों को अतिक्रमण शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान संतोष कुमार जायसवाल एडवोकेट, नागेश्वरी प्रसाद गुप्ता, जगत नारायण चौरसिया, संजय जायसवाल, विष्णु गोस्वामी सहित अन्य लोगों से नालियों को अतिक्रमणमुक्त करने को कहा गया।
बताया गया कि पुराने नक्शे के अनुरूप बनी नगर की चौड़ी गलियों में समय के साथ चबूतरे, भवन एवं अन्य निर्माण कर अतिक्रमण किया जा रहा है। इससे नगर की कई गलियां लगातार संकरी होती जा रही हैं और राहगीरों तथा वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड 3, 8, 9 एवं 11 में भी कई स्थानों पर अतिक्रमण के कारण रास्ते बेहद संकरे हो गए हैं। स्वर्गीय डॉ. दिलीप जायसवाल के आवास से स्वर्गीय रघुवीर शर्मा के घर तक, पुरानी कांदीहौद मार्ग, डॉ. संजय गुप्ता गली, डॉ. विनय गुप्ता गली तथा उमेश अग्रहरि एडवोकेट वाली गली समेत कई मार्ग अतिक्रमण की समस्या से प्रभावित हैं।
डीएमएफ फंड से सड़क एवं नाली का निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे में निर्माणाधीन नालियों पर दोबारा अतिक्रमण किए जाने को लेकर प्रशासन ने नाराजगी जताई है। निरीक्षण के दौरान नवागत ईओ के साथ स्वच्छता मिशन ब्रांड एंबेसडर जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी तथा सभासद निरंजन गुप्ता, प्रतिनिधि अंकाभारती, आनंद अग्रहरि, राकेश आजाद, सोनू खान, धनंजय रावत, धीरज जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी,

ये भी पढ़िए