खनन पट्टे में फर्जीवाड़ा करने वाला वांछित अभियुक्त मुंबई से गिरफ्तार

कूटरचित दस्तावेज और फर्जी हस्ताक्षर से धोखाधड़ी का आरोप, ओबरा पुलिस व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त कार्रवाई

सोनभद्र। खनन पट्टे के नाम पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित अभियुक्त को ओबरा पुलिस ने एसओजी/सर्विलांस टीम की मदद से मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से रिमांड स्वीकृत होने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना ओबरा में दर्ज मुकदमा संख्या 153/2025 में वांछित इश्तियाक खान पुत्र सुल्तान खान, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी शिव नगर कॉलोनी, ओबरा के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही थी। अभियोग के अनुसार, वादी सुधीर कुमार श्रीवास्तव की पत्नी रिंकी श्रीवास्तव के नाम ग्राम बिल्ली मारकुंडी में गिट्टी/बोल्डर (डोलोस्टोन) का 10 वर्षीय खनन पट्टा वर्ष 2023 से 2033 तक स्वीकृत है। पट्टे से संबंधित विभागीय और अभिलेखीय कार्यों की जिम्मेदारी आरोपी को दी गई थी। आरोप है कि आरोपी ने पट्टाधारक के नाम से होने वाली विभिन्न औपचारिकताओं को मेसर्स राधिका इंडस्ट्रीज के नाम से संचालित कराया तथा सरकारी विभागों और बैंकों में कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर, कूटरचित शपथ पत्र, प्रार्थना पत्र, आवेदन और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। खनन पट्टे के हिसाब-किताब में हेराफेरी और गबन के आरोप भी लगाए गए हैं। मामले की जानकारी होने पर वादी ने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया तो कथित रूप से गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप है।

मुंबई में घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस को सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त मुंबई के थाना चूनाभट्टी क्षेत्र स्थित प्रियदर्शनी बस स्टॉप के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर ओबरा पुलिस तथा एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 9 सितंबर 2026 को करीब 15:15 बजे इश्तियाक खान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक नागेश कुमार सिंह, प्रभारी सर्विलांस/एसओजी, उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, थाना ओबरा तथा कांस्टेबल सत्यम पाण्डेय, सर्विलांस/एसओजी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

ये भी पढ़िए