सोनभद्र। जनपद में प्रस्तावित नई मूल्यांकन सूची को लेकर जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आपत्ति निराकरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित मूल्यांकन सूची पर प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का बिंदुवार परीक्षण करते हुए उनके निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सहायक महानिरीक्षक निबंधन, समस्त उप जिलाधिकारी, उपनिबंधक एवं तहसीलदार मौजूद रहे। समिति ने उपलब्ध अभिलेखों, तथ्यों और क्षेत्रीय परिस्थितियों के आधार पर प्राप्त आपत्तियों पर विचार-विमर्श किया।
विंध्य एक्सप्रेसवे से प्रभावित ग्रामों की दरों पर भी हुई चर्चा
बैठक में विंध्य एक्सप्रेसवे से प्रभावित होने वाले ग्रामों को लेकर प्राप्त सुझावों पर विशेष चर्चा हुई। सुझाव में इन ग्रामों की वर्तमान एवं संभावित विकास स्थिति तथा आसपास के ग्रामों में प्रचलित और प्रस्तावित दरों को देखते हुए मूल्यांकन दरों में आवश्यक वृद्धि की मांग की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित ग्रामों की वास्तविक विकास स्थिति और आसपास के क्षेत्रों की दरों का तुलनात्मक परीक्षण कर सकारात्मक, पारदर्शी एवं तथ्यों पर आधारित दृष्टिकोण से प्रस्ताव पर विचार किया जाए।
उन्होंने कहा कि आपत्तियों के निस्तारण में किसानों और भू-स्वामियों के हितों का समुचित ध्यान रखा जाए तथा नियमानुसार भूमि के वास्तविक एवं उचित मूल्य के अनुरूप प्रतिकर सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी आपत्तियों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण करते हुए आवश्यक संशोधनों के साथ अंतिम मूल्यांकन सूची तैयार करने के निर्देश दिए। नई मूल्यांकन सूची 15 सितंबर 2026 से लागू किया जाना प्रस्तावित है।

