पिपरी नगर पंचायत के सफाई कर्मियों के ड्रेस कोड का जिलाधिकारी ने किया शुभारम्भ
सोनभद्र। सफाई कर्मियों को सम्मानजनक पहचान और सामाजिक गरिमा प्रदान करने की दिशा में जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने गुरुवार को महत्वपूर्ण पहल की। कलेक्ट्रेट परिसर में पिपरी नगर पंचायत के सफाई कर्मियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का शुभारम्भ किया गया। साथ ही अब सफाई कर्मियों को “स्वच्छता मित्र/दोस्त” के सम्मानजनक संबोधन से पुकारे जाने की घोषणा की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा कि सफाई कर्मी स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके द्वारा प्रतिदिन किए जाने वाले स्वच्छता कार्य से नगर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होती है और आमजन को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है। ऐसे में उनके योगदान को सम्मान और गरिमा के साथ पहचान दिया जाना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अब तक सफाई कर्मियों को अलग-अलग नामों से संबोधित किया जाता रहा है। इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए उन्हें सकारात्मक एवं सम्मानजनक पहचान प्रदान की जा रही है। “स्वच्छता मित्र/दोस्त” महज एक संबोधन नहीं, बल्कि सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान, सहयोग और सामाजिक गरिमा का प्रतीक होगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मियों को सम्मानजनक संबोधन के साथ उनकी कार्य-भूमिका के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं, संसाधन एवं सहयोग उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके सम्मान के साथ उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मियों में भी नई पहचान और सम्मान को लेकर उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री वागीश कुमार शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष पिपरी श्री दिग्विजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

