(अरुण पांडेय)
बभनी (सोनभद्र)। विकास खंड बभनी के सतबहनी गांव स्थित बाल कुंवर के घर के पास लगा विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले डेढ़ माह से जला पड़ा है। विभाग की घोर उपेक्षा और लापरवाही के कारण भीषण बरसात के मौसम में ग्रामीण अंधेरे में जीने को मजबूर हैं। विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि बरसात के दिनों में लगातार काली घटा छाने से गांव में वैसे ही घना अंधेरा रहता है, ऊपर से डेढ़ महीने से बिजली न होने से स्थिति और भयावह हो गई है। अंधेरी रातों में जहरीले जीव-जंतुओं और सांप-बिच्छू के डर के बीच छोटे-छोटे बच्चों की देखभाल व परवरिश करना बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उनके कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।
ग्रामीणों ने चेताया कि यदि विभाग ने अतिशीघ्र नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल नहीं की, तो वे उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और विद्युत विभाग की होगी। प्रदर्शन में गांव के कई प्रमुख लोग व ग्रामीण उपस्थित रहे।

