बभनी/सोनभद्र (अरुण पांडेय)
बभनी (सोनभद्र)। विकास खंड बभनी स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर गुरुवार को दिव्यांग बच्चों के लिए एक दिवसीय जांच एवं उपकरण मापन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में परिषदीय विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के कुल 75 दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उनके लिए आवश्यक सहायक उपकरणों का माप लिया गया।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए दिव्यांग शिक्षक अभिरुचि पांडेय ने बताया कि इस शिविर का आयोजन बेसिक शिक्षा, समग्र शिक्षा सोनभद्र तथा एलिम्को कानपुर के संयुक्त तत्त्वावधान में किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट, राजकीय विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा बाल वाटिका में अध्ययनरत सभी दिव्यांग बच्चों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित करना और उन्हें आवश्यक सहायता पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि चिह्नांकन एवं मापन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जल्द ही एक निर्धारित तिथि पर बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
शिविर में शामिल होने के लिए बच्चों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र, अभिभावक का आय प्रमाण पत्र (बीपीएल कार्ड/मनरेगा कार्ड), पहचान पत्र की प्रति तथा तीन पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना अनिवार्य किया गया था।

