शराब की दुकानों के बाहर हुड़दंग और अपराध पर रोक लगाने की मांग, बाजारों में सीसीटीवी बढ़ाने पर जोर
रिपोर्ट: मदन मोहन चंदौली,। जनपद के पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को व्यापारी सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। दोपहर दो बजे हुई बैठक की अध्यक्षता नवागत अपर पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) विक्रम दहिया ने की। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (नक्सल) सतीश चन्द्र शुक्ला और पुलिस उपाधीक्षक सदर नामेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। बैठक के प्रारंभ में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के नेतृत्व में व्यापारियों ने नवागत एएसपी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिह्न एवं मिठाई भेंट की गई।

व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा के मुद्दे
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने व्यापारियों के साथ मारपीट और दहशत फैलाने जैसी घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। उन्होंने प्रत्येक थाने पर नियमित रूप से व्यापारी सुरक्षा बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि छोटी घटनाओं का समय रहते समाधान हो सके। उन्होंने ठेले-पटरी व्यवसायियों को व्यवस्थित करने की भी मांग रखी। जिला महामंत्री महमूद आलम ने शराब की दुकानों के आसपास शाम के समय खुले में शराब पीने और विवाद करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि शराब की दुकानों के बाहर हुड़दंग से बाजारों में व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी होती है। सकलडीहा व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा सेठ ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में कथित अवैध गांजा बिक्री पर रोक लगाने तथा लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बाजारों में सीसीटीवी लगाने पर जोर
प्रदेश संगठन मंत्री अशोक केशरी और जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने बाजार अध्यक्षों से प्रमुख प्रतिष्ठानों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाजारों में बेहतर निगरानी से आपराधिक घटनाओं की जांच में पुलिस को मदद मिलेगी।
एएसपी ने दिया सुरक्षा का भरोसा
व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को सुनने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
नवनियुक्त बाजार अध्यक्षों का सम्मान
बैठक के अंत में कमालपुर और सैदूपुर बाजार के नवनियुक्त अध्यक्षों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। बैठक में प्रदीप कुमार, सतीश गुप्ता, धनंजय रस्तोगी, सतीश सेठ, कृष्णा सेठ, आनंद रस्तोगी, दिलीप त्रिशूलिया, विनोद अग्रहरि, जयप्रकाश यादव, संतलाल मौर्य, चंदन सेठ, धर्मेंद्र गुप्ता, कुंदन चौहान, हनुमान चौरसिया, विमलेश विश्वकर्मा, अंकित जायसवाल, अवधेश मोदनवाल, आफताब इदरीसी, वृजमणि मिश्रा, अभिमन्यु प्रजापति, राजकुमार पाल, गणेश बाबा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

