लंबे समय से फरार वांछित अभियुक्त सोनू घसिया गिरफ्तार

चोपन-कोन थानों में दर्ज कई मुकदमों में था वांछित, ट्रक चालकों को रोककर मोबाइल और रुपये झपटने का आरोप

सोनभद्र। वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जुगैल पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त चोपन और कोन थाना क्षेत्रों में दर्ज कई अभियोगों में वांछित था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल प्रभात राय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जुगैल शिवप्रताप वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 23 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर बिजुली नदी पुल, गोठानी के पास घेराबंदी की। करीब तीन बजे पुलिस ने सोनू घसिया (30) पुत्र स्व. सुरेन्द्र उर्फ सुलेन्द्र निवासी चुर्क मोड़ घसिया बस्ती, भिलाई बंधा, थाना रॉबर्ट्सगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त थाना चोपन में दर्ज तीन तथा थाना कोन में दर्ज एक मामले में वांछित था। पूछताछ में पुलिस के अनुसार यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्त अपने साथियों के साथ कभी महिला का वेश धारण कर अथवा किसी महिला को साथ लेकर चोपन क्षेत्र से गुजरने वाले मार्ग पर ट्रक चालकों को रोकते थे। ट्रक रुकने के बाद उनके मोबाइल फोन और रुपये झपटकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जुगैल शिवप्रताप वर्मा, प्रभारी निरीक्षक चोपन गोपाल जी गुप्ता, उपनिरीक्षक विपिन बिहारी राय, उपनिरीक्षक विनोद यादव तथा कांस्टेबल पवन कुमार यादव और श्यामशेर यादव शामिल रहे।

ये भी पढ़िए