शादी का झांसा देकर युवती के यौन शोषण का आरोप, 14 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र। जनपद में महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जुगैल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर 21 वर्षीय युवती का यौन शोषण करने के आरोप में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के महज 14 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 को एक युवती ने थाना जुगैल में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके विवाहित पड़ोसी विशांत उर्फ विसंत पुत्र राम सुग्रीम, निवासी ग्राम झरपिया, थाना जुगैल, ने 6 और 10 अक्टूबर 2026 को शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0-132/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

जोरबा गेट से हुई गिरफ्तारी

महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के क्रम में जुगैल पुलिस ने 22 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10:10 बजे थाना क्षेत्र के जोरबा गेट से आरोपी विशांत उर्फ विसंत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

मिशन शक्ति के तहत पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सुश्री मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के क्रम में यह गिरफ्तारी की गई। इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, उपनिरीक्षक मेराज खान, हेड कांस्टेबल शमशेर यादव, कांस्टेबल पवन कुमार यादव तथा महिला कांस्टेबल श्वेता उत्तम शामिल रहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई को महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के क्रम में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

ये भी पढ़िए