स्कूल-कॉलेज से गांव तक पहुंची सोनभद्र पुलिस, महिलाओं-बालिकाओं को बताए सुरक्षा के उपाय

सोनभद्र,। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 6.0 के तहत जनपदव्यापी जागरूकता अभियान को गति दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में चल रहे इस अभियान के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें सुरक्षित रहने के उपाय बताए जा रहे हैं। पुलिस का लक्ष्य है कि महिलाएं अपने अधिकारों को पहचानें, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं और जरूरत पड़ने पर बिना किसी भय के पुलिस की मदद लें।
गांव, बाजार और शिक्षण संस्थानों तक पहुंच रही पुलिस
मिशन शक्ति की टीमें जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। इन कार्यक्रमों में बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकार, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा के बारे में जानकारी दी जा रही है।
पुलिस टीम महिलाओं एवं बालिकाओं को यह संदेश दे रही है कि किसी भी तरह के उत्पीड़न, छेड़छाड़ या असुरक्षा की स्थिति में चुप्पी न साधें। बेझिझक पुलिस से संपर्क करें और उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को केवल सुरक्षा का भरोसा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने के प्रति जागरूक करना भी है।
साइबर अपराधियों से बचने के लिए पुलिस ने किया सतर्क
डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए सोनभद्र पुलिस अक्टूबर माह में विशेष साइबर जागरूकता अभियान भी चला रही है। इसके तहत बच्चों, बालिकाओं और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से अवगत कराया जा रहा है। ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम ठगी, फर्जी ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट ग्रुप, क्रिप्टोकरेंसी स्कैम और फिशिंग लिंक के जरिए होने वाले अपराधों के प्रति लोगों को आगाह किया जा रहा है।
पुलिस लोगों को समझा रही है कि साइबर अपराधी लालच, डर और झूठे प्रलोभनों का सहारा लेकर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करते हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण, पासवर्ड या निजी जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान लोगों के झांसे में आने से बचें। सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय भी सतर्कता बरतें। साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें फोन सोनभद्र पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है। समय रहते शिकायत करने से मामले में आवश्यक कार्रवाई की संभावना बढ़ सकती है।
महिला सुरक्षा और सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन
112 — आपातकालीन पुलिस सेवा, 1090 / 1091 — महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 — महिला हेल्पलाइन
1930 — साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सोनभद्र पुलिस का संदेश—जागरूक बनें, सुरक्षित रहें। सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की है। वहीं, आम नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का आह्वान किया गया है।
मिशन शक्ति 6.0 के माध्यम से पुलिस महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में जुटी है। अभियान का मूल उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना और उन्हें जागरूक, आत्मनिर्भर तथा सशक्त बनाना है।

ये भी पढ़िए