अनपरा में संविदा श्रमिकों की गैरकानूनी छंटनी का आरोप, सीटू ने श्रम विभाग से लगाई गुहार

त्योहार के समय मजदूरों को काम से बैठाने पर आक्रोश, कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

सोनभद्र। अनपरा स्थित मेल पावर प्लांट प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत संविदा श्रमिकों की कथित गैरकानूनी छंटनी का मामला सामने आया है। जिला संविदा श्रमिक यूनियन (सीटू) ने 22 अक्टूबर 2026 को उप श्रमायुक्त, मीरजापुर क्षेत्र, पिपरी को पत्र सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने और श्रमिकों को न्याय दिलाने की मांग की है। यूनियन ने आरोप लगाया कि मेल पावर प्लांट प्राइवेट लिमिटेड में काम करा रही क्यूं एसीए लिमिटेड तथा गुजरात एंड कंपनी में कार्यरत मजदूरों को बिना पूर्व सूचना के काम से बैठाया जा रहा है। यूनियन का कहना है कि त्योहार के समय श्रमिकों को अचानक काम से हटाना उनके परिवारों की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा करने वाला कदम है। महिला श्रमिकों को काम से बैठाने पर भी जताई नाराजगी यूनियन अध्यक्ष सुरेंद्र पाल ने कहा कि एक तरफ महिला सशक्तीकरण की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर गुजरात एंड कंपनी में कार्यरत चार-पांच महिला श्रमिकों को अचानक काम से बैठा दिया गया। उन्होंने इसे श्रमिकों के हितों के विपरीत बताते हुए संबंधित कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। सुरेंद्र पाल ने मांग की कि श्रमिकों की कथित गैरकानूनी छंटनी पर तत्काल रोक लगाई जाए और नियमानुसार श्रमिकों का अंतिम भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मजदूरों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन की चेतावनी

सीटू ने श्रम विभाग से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा श्रमिकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। यूनियन अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और गैरकानूनी छंटनी पर रोक नहीं लगी, तो मजदूर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी मेल पावर प्रबंधन की होगी।
इस दौरान खेताराम, मानस कुमार पांडेय, प्रदीप प्रजापति, राजेश कुमार, करमचंद, बिंदु देवी, रात्रि देवी, मनोरमा शर्मा, गीता देवी, संजय बैस, विनोद पनिका, सिद्धांत मौर्य, रामरक्षा, राधेश्याम प्रजापति, राहुल गुप्ता, उदय राज, राकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए