सोनभद्र। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग के समन्वय से पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज में करियर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और आकर्षक प्रदर्शनी के माध्यम से अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सुश्री मेविस टॉक की उपस्थिति ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने छात्राओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता तथा शिक्षिकाओं के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को उपहार देकर पुरस्कृत भी किया गया। करियर मेले के माध्यम से छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही बालिकाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और भविष्य में बेहतर करियर के लिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, आत्मनिर्भरता और व्यक्तित्व विकास के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। मिशन शक्ति अभियान के तहत इस तरह के आयोजनों से बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
सोनभद्र पुलिस ने दोहराई प्रतिबद्धता
सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने तथा उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

