सोनभद्र। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत राबर्ट्सगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को बढ़ौली चौराहे से गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में राबर्ट्सगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजय बहादुर सिंह उर्फ सिम्पू सिंह (36 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय केवलभान सिंह, निवासी ग्राम निबावल (सेमरिहा), थाना लालगंज, जनपद मीरजापुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त थाना राबर्ट्सगंज में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 291/2026 में वांछित था। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27ए/29/60 तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम ने मंगलवार 3 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे बढ़ौली चौराहे से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धर्मनारायण भार्गव, चौकी प्रभारी चुर्क, हेड कांस्टेबल अमरजीत यादव एवं कांस्टेबल रामसिंह शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

