न्यायालय के वारंट पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा, विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में किया जा रहा पेश
सोनभद्र। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपरी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना पिपरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों वारंटियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शामिल हैं सूरज कुमार पुत्र विश्वनाथ, निवासी जैन सिनेमा हॉल के सामने, वार्ड नंबर-01, मलिन बस्ती तुर्रा, थाना पिपरी, उम्र करीब 30 वर्ष, बब्बू पुत्र हामीद कुरैशी, निवासी तुर्रा बाजार, थाना पिपरी, जनपद सोनभद्र।
पुलिस द्वारा दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से वारंटी अभियुक्तों में हड़कंप मचा हुआ है।

