अब पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने कोषागार के नहीं लगाने होंगे चक्कर, घर बैठे होगी ऑनलाइन प्रक्रिया

सोनभद्र। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने अवगत कराया है कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिनांक 05 नवम्बर, 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की समीक्षा बैठक के दृष्टिगत जनपद में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (Digital Life Certificate) प्रस्तुत करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आवश्यकतानुसार हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पेंशनर अपना जीवन प्रमाण-पत्र स्वयं अथवा अपने परिवार के किसी सदस्य के मोबाइल एप या पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त निकटवर्ती जन सुविधा केंद्र, कंप्यूटर सेंटर अथवा साइबर कैफे के माध्यम से भी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की सुविधा उपलब्ध है। इस संबंध में निर्धारित प्रक्रिया (SOP) एनआईसी सोनभद्र की वेबसाइट sonbhadra.nic.in पर अपलोड की गई है, जिसे डाउनलोड करके अथवा कोषागार सोनभद्र से प्राप्त करके ऑनलाइन जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत किया जा सकता है। इस सुविधा के माध्यम से पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कोषागार में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के संबंध में पेंशनरों की सुविधा हेतु हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए इसका पर्याप्त प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि जनपद के अधिक से अधिक पेंशनर इस ऑनलाइन सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकें।

ये भी पढ़िए