भूमि विवाद से लेकर साइबर धोखाधड़ी तक की शिकायतों पर एसपी ने लिया संज्ञान, लापरवाही और उत्पीड़न पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी
सोनभद्र। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान को लेकर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व संबंधी मामलों सहित विभिन्न पुलिस संबंधी शिकायतें सामने आईं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों की जांच निष्पक्ष, तथ्यपरक और पारदर्शी तरीके से की जाए, ताकि पीड़ितों को समय से न्याय मिल सके।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए। जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है, उनमें बिना किसी देरी के विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा पीड़ितों के उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि जनसुनवाई पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जनशिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

