
बैठक में श्री शिव कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिंगरौली, श्री पी.एस. परस्ते, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर, श्री राहुल कुमार सैयाम, एस.डी.ओ.पी. देवसर, श्री आशीष जैन, एस.डी.ओ.पी. चितरंगी एवं समस्त थाना प्रभारी/चौकी प्रभारी व पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
सिंगरौली : पुलिस महानिरीक्षक, रीवा जोन, रीवा श्री महेंन्द्र सिंह सिकरवार द्वारा रूस्तमजी कॉफ्रेसिंग हॉल में पुलिस अधिकारियों की परिचय बैठक ली गई एवं कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपस्थित सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों से वन-टू-वन चर्चा की जाकर थाना क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति के बारे में जानकारी ली, अंतराज्यीय सीमावर्ती थाना क्षेत्रो की सीमाओ के बारे मे, जिले में गॉवो की संख्या, औद्योगिक गतिविधियॉ एवं उत्पन्न होने वाली समस्याओ, कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति के संबंध में जानकारी ली गई।

बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा माननीय मुख्यमंत्री, म.प्र. शासन द्वारा दिये गये दिशा—निर्देशों पर ध्यान आकृष्ट किया गया। जिसमें धार्मिक स्थलों एवं अन्य स्थानों पर लगे ध्वनि विस्ताकर यंत्रों/लाउडस्पीकरों के अनियंत्रित एवं नियम विरूद्ध प्रयोग पर नियंत्रण कर कार्यवाही करने, खुले में मांस/मछली विक्रय करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करने एवं आदतन अपराधियों की जमानत निरस्तीकरण की कार्यवाही के संबंध में निर्देश दिये गये। साथ ही गुण्डा/निगदानी बदमाशों की सतत् चैकिंग कर उनके रिकार्ड अद्यतन करने हेतु निर्देशित किया गया। थाने की व्ही.सी.एन.बी. में थाना प्रभारी द्वारा आवश्यक रूप से टीप लगाने के संबंध में निर्देश दिये गये। नगर पुलिस अधीक्षक/एस.डी.ओ.पी. अपने अनुभाग के थानों में लंबित मर्ग डायरियों की समीक्षा कर प्रतिवेदन भेजने हेतु निर्देशित किया गया। जिले में ग्राम व नगर रक्षा समितियों के पुनर्गठन के लिये बल दिया गया, ताकि इन समितियों के सदस्यों से कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के दौरान सहायता ली जा सके। अवैध शराब एवं अवैध मादक द्रव्यों के विक्रय, परिवहन एवं भण्डारण करने के विरूद्ध जीरो टोलरेन्स की नीति अपनाते हुए सख्त से सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये गये एवं पुलिस की संलिप्ता होने पर कठोरतम विभागीय कार्यवाही के संबंध में अवगत कराया गया। इसी प्रकार अवैध उत्खनन/परिवहन पर भी पूर्णत: अंकुश लगाये जाने के संबंध में निर्देश दिये गये।
थाना प्रभारी अपने विवेचकों को लक्ष्य पूर्ति हेतु 07 दिवस का टास्क दें एवं रजिस्टर बनवायें। पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा कोर पुलिसिंग पर ध्यान दिये जाने हेतु निर्देश दिये गये। कल्याणकारी गतिविधियों के अंतर्गत पूर्व से संचालित सीनियर सीटीजन हेल्पडेस्क के लिये बुजुर्गों की सहायता हेतु हेल्प कार्ड बनवाये जाने हेतु सुझाव दिया गया। आत्महत्या के बढ़ते मामलों को दृष्टिगत रखते हुए कॉउंसलिंग कराये जाने हेतु एक लाइफ लाईन नंबर चलाने जाने के निर्देश दिये गये। यद्यपि विगत कई वर्षों से नक्सली गतिविधियां नहीं हुई हैं, किंतु इस पर नजर रखने की आवश्यकता है। कानून- व्यवस्था के संबंध में टीम की तरह कार्य करते हुए स्पॉट पर पहुंचने के संबंध में निर्देश दिये गये। लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत धारा 122 के तहत कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा प्रेजेंटेशन के दौरान पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्यवाहियों, नवाचारों एवं कल्याणकारी गतिविधियों की सराहना की गई। बैठक के अंत में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा दिये गये निर्देशों का अक्षरश: पालन करने हेतु आश्वस्त किया गया।

