बसखारी थाने में धरने पर बैठे बीजेपी चेयरमैन: पुलिस पर जमीन कब्जा करवाने का आरोप, एसपी ने थानाध्यक्ष को हटाया

(प्रवीण तिवारी)अम्बेडकरनगर : जनपद में असरफपुर किछौछा के नगर पंचायत के अध्यक्ष ओमकार गुप्ता पुलिस पर जमीन कब्जा करवाने का आरोप लगाकर बसखारी थाने में धरने पर बैठ गए। नगर पंचायत अध्यक्ष के धरने की खबर लगते ही भाजपा के नेता कार्यकर्ता बसखारी थाने पहुंच रहे हैं।मामले में पुलिस का कहना है कि जो निर्माण हो रहा है कोर्ट के स्थगन आदेश के बाद हो रहा है। मामले में बीजेपी चेयरमैन के धरने का संज्ञान लेते हुए एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बसखारी थानाध्यक्ष जेपी सिंह को हटा दिया है। राजेश कुमार सिंह को एसओ बसखारी बनाया गया है।बसखारी थाना इलाके के बसखारी चौराहे के पास वेस्ट्रीज हिल्टन स्कूल स्थित है। इसी स्कूल के जमीन के कुछ भाग को लेकर विवाद था और मामला कोर्ट में विचाराधीन था, लेकिन पिछले दिनों स्कूल प्रबंधन द्वारा कोर्ट से स्थगन आदेश ले लिया था। इसके बाद भी नगर पंचायत द्वारा स्कूल की सीढ़ी तुड़वा दी गई थी, जिसे लेकर कोर्ट ने नगर पंचायत अध्यक्ष को कोर्ट में तलब किया था।हिल्टन स्कूल प्रबंधन द्वारा उसी तोड़ी गई रेलिंग का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसे नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता रुकवाना चाहते हैं, लेकिन जब पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवाने में असमर्थता जाहिर की तो नगर पंचायत अध्यक्ष पुलिस पर कब्जा करवाने का आरोप लगाकर बसखारी थाने में धरने पर बैठ गए। नगर पंचायत अध्यक्ष के धरने पर बैठने की सूचना पर बसखारी थाने में बड़ी संख्या में भाजपा के नेता कार्यकर्ता पहुंचने लगे। इस बाबत थानाध्यक्ष जय प्रकाश का कहना है कि जो पक्ष निर्माण कार्य करवा रहा है वह कोर्ट से स्थगन आदेश लाकर निर्माण करवा रहा है।

ये भी पढ़िए