करमा (सोनभद्र)। मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान में करमा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में थाना करमा पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
पुलिस के अनुसार, थाना करमा में दर्ज मुकदमा संख्या 185/2026, धारा 137(2), 87 बीएनएस में वांछित अभियुक्त नारायण मिश्र पुत्र सूर्यमनी मिश्रा, निवासी ग्राम पिपरहटा, मौजा नारतीर, थाना खीरी, जनपद प्रयागराज, की तलाश की जा रही थी। रविवार को पुलिस टीम करमा बाजार क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भरुहा माइनर के पास बस का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 2:30 बजे आरोपी को हिरासत में ले लिया। साथ ही पुलिस टीम ने पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल, उपनिरीक्षक मनोज सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप सिंह तथा महिला कांस्टेबल सुजेता भारती शामिल रहीं।

